सानू कुमार
महेशपुर थाना क्षेत्र के बासकेंद्री गांव निवासी 20 वर्षीय अब्दुल अंसारी की खड़ियोपाड़ा गांव स्थित नाला में बनाए गए बांध में डूबने से मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार सोमवार को अब्दुल अंसारी अपने दोस्तों के साथ खड़ियोपाड़ा नाला के बांध में नहाने के लिए गया था. नहाने के दौरान वह गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक पानी में डूब गया. साथ रहे दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में समा गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गयी. सूचना पाकर महेशपुर थाना के एसआइ अजय महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पानी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया. इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया. इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी घटना के बाद मातम पसरा हुआ है.






