पाकुड़िया प्रखंड कार्यालय में कार्यरत तीन कंप्यूटर ऑपरेटर, एक सफाई कर्मी और एक वाहन चालक को करीब 13 माह से मानदेय नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। मानदेय भुगतान की मांग को लेकर सभी आउटसोर्स कर्मियों ने गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी को सामूहिक रूप से आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से कर्मियों ने बताया कि वे रांची की एक आउटसोर्सिंग एजेंसी के अधीन प्रखंड कार्यालय में कार्यरत हैं। आरोप है कि संबंधित एजेंसी द्वारा जुलाई 2025 से अब तक करीब 13 माह का मानदेय भुगतान नहीं किया गया है। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। कर्मियों ने बताया कि वे रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर किसी तरह परिवार का खर्च चला रहे हैं।
कर्मियों ने बीडीओ से बकाया मानदेय का जल्द भुगतान करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। इस पर बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कर्मियों को भरोसा दिलाया कि उनके बकाया मानदेय के भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान आउटसोर्स कर्मी विष्णु लाल यादव, पुलक लेट, पीयूष दत्त, सूरज तुरी और उज्जवल देहरी मौजूद थे।






