Search

August 1, 2026 9:49 pm

लेटेस्ट न्यूज़

भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में भाजयुमो का धरना, सीबीआई जांच की मांग

राजकुमार भगत

पाकुड़: झारखंड में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पाकुड़ की ओर से शनिवार को जिला समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा प्रक्रिया पर उठते सवालों से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कथित मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन कथित पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। इससे युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार से युवाओं के भविष्य को देखते हुए भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर दोहरी राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर कांग्रेस दिल्ली में छात्रों के समर्थन की बात करती है, वहीं दूसरी ओर झारखंड में उसके समर्थन से चल रही सरकार के कार्यकाल में भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए।धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने समेत अन्य मांगें रखीं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, रतन भगत, पंकज साह, पार्वती देवी, सुशांत घोष, जीतू सिंह, अमित पांडेय, धर्मेंद्र त्रिवेदी, प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, बापी रजवाड़, संजय सिंह, दुलाल सिंह, सुबोध घोष, अनिता देवी, राजा मंडल, लिपिका मंडल, कलामी सरदार, सुशीला पहाड़िन, अमर कुमार, चंदन गुप्ता, लाल्टू साहा, सुनील मुर्मू, चंदन मंडल, मिथुन साहा, रोहित सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!