Search

August 1, 2026 9:49 pm

लेटेस्ट न्यूज़

29वें सिविल सर्जन बने डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया, कहा- हर नागरिक तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना प्राथमिकता

पाकुड़। जिले के स्वास्थ्य प्रशासन को शनिवार को नया नेतृत्व मिला। डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया ने पाकुड़ के 29वें सिविल सर्जन के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा से पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के साथ ही उन्होंने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। डॉ. संथालिया ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, पोषण, संचारी व गैर-संचारी रोगों की रोकथाम तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए टीम भावना के साथ काम किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देते हुए चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि आम लोगों को सहज और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इस दौरान निवर्तमान सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने डॉ. संथालिया को कार्यभार सौंपते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी साझा की।
कार्यभार ग्रहण के मौके पर जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एसके झा, दंत चिकित्सक डॉ. आरके सिंह, एनएचएम के प्रबंधक, सलाहकार व समन्वयक, स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक समेत सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!