पाकुड़: लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से पाकुड़ पॉलिटेक्निक में बुधवार को #NewVoters अभियान का आयोजन किया गया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान के तहत पहली बार मतदान के पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण कराया गया। अभियान में 50 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026 में पहली बार मतदान के पात्र विद्यार्थियों का ECINet ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया। पंजीकरण के बाद विद्यार्थियों ने आवेदन का स्क्रीनशॉट और #NewVoters हैशटैग के साथ सेल्फी साझा कर अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
पॉलिटेक्निक की प्राचार्या डॉ. सुषमा यादव ने कहा कि युवा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का मतदाता के रूप में पंजीकरण और मतदान करना उसका संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए इसे जागरूक नागरिक बनने की दिशा में अहम कदम बताया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, मतदान के महत्व और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका की भी विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नए मतदाताओं का पंजीकरण कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को मजबूत करना भी रहा।





