Search

August 9, 2026 10:20 pm

JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में एबीवीपी ने फूंका मुख्यमंत्री का पुतला

पाकुड़िया: JPSC एवं JSSC प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पाकुड़िया नगर इकाई ने रविवार को सिद्धू-कान्हू मोड़ पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से छात्र-युवाओं में आक्रोश बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि रांची में आंदोलनरत विद्यार्थियों और ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस हिरासत में लेकर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में पाकुड़िया में पुतला दहन कर सरकार के प्रति नाराजगी जताई गई। ABVP ने विवादित JPSC एवं JSSC परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा परीक्षा कराने तथा पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की। ABVP कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि विद्यार्थियों की मांगों पर शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन विधानसभा घेराव सहित व्यापक आंदोलन करेगा। कार्यक्रम का नेतृत्व ABVP कार्यकर्ता रॉकी कुमार पाल ने किया। मौके पर रेखा कुमारी, रिया कुमारी, रीना कुमारी, किशन सिंह, हर्सराज तिवारी, शुभोजित कुमार पाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!