सानू कुमार
महेशपुर। जल जीवन मिशन के तहत बासकेंद्री पंचायत के बासकेंद्री गांव में सोमवार को ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत में संचालित सभी 10 पेयजल योजनाओं का हस्तांतरण ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति को किया गया। योजनाओं के संचालन और रखरखाव में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख शुभ लक्ष्मी मुर्मू, मुखिया निर्मल हेंब्रम और पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। प्रखंड प्रमुख ने कहा कि जल जीवन की मूलभूत जरूरत है। जल संरक्षण के साथ पानी का सही उपयोग करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव में सहयोग करने की अपील की। कार्यपालक अभियंता ने ग्रामीणों को भूजल रिचार्ज, वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, जल प्रबंधन और पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजनाओं को लंबे समय तक सुचारू रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से एक बार का गृह संयोजक शुल्क 310 रुपये और 62 रुपये प्रतिमाह जलकर नियमित रूप से जमा करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रभात फेरी, जल यात्रा, जल शपथ, जल श्रृंगार और जल बंधन जैसी गतिविधियां आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। नापित पाड़ा, कुचा टोला, साहा टोला और मस्जिद टोला के ग्रामीणों ने जलकर जमा किया। मौके पर जलसहिया आशा देवी ने लाभुकों को रसीद दी। कुल 1700 रुपये जलकर के रूप में जमा हुए। मौके पर कनीय अभियंता शुभेंदु मिश्रा, मास्टर जलसहिया मिंकी देवी, पंचायत की जलसहिया दीदियां, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।





