पाकुड़/अमड़ापाड़ा/महेशपुर/हिरणपुर/पाकुड़िया। रांची में जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को भाजपा के झारखंड बंद का पाकुड़ जिले में व्यापक असर देखने को मिला। पाकुड़, हिरणपुर, अमड़ापाड़ा, महेशपुर और पाकुड़िया में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन, मार्च और सड़क जाम कर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। बारिश के बावजूद कार्यकर्ता घंटों सड़क पर डटे रहे। पाकुड़ शहर में बिरसा चौक के पास मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच सीबीआई से कराने और जरूरत पड़ने पर परीक्षाएं रद्द करने की मांग की। इस दौरान ‘हेमंत सोरेन गद्दी छोड़ो’ जैसे नारे भी लगाए गए। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीरा प्रवीण सिंह और जिला महामंत्री रूपेश कुमार भगत समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पाकुड़िया के सिद्धू-कान्हू चौक पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं ने मोर्चा संभाल लिया। सुबह करीब आठ बजे शुरू हुआ सड़क जाम दोपहर 12:30 बजे तक चला, जिससे करीब साढ़े चार घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष मोहन चौबे, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हिरदानंद भगत, मंडल अध्यक्ष संजीव भगत, अजय भंडारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो और बीडीओ सोमनाथ बनर्जी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

हिरणपुर में पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दिनेश मरांडी ने कहा कि रोजगार और भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। सरकार को छात्रों की समस्याएं सुनकर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।

अमड़ापाड़ा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंद के समर्थन में प्रदर्शन कर विरोध जताया। पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और सम्मान की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

महेशपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल मिश्रा के नेतृत्व में मार्च निकालकर बंद कराया गया। कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र में मार्च कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की निंदा की। भाजपा नेता मोजेश टुडू ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज चिंताजनक है। प्रदर्शन में जिला महामंत्री साधन ठाकुर, जिला मंत्री रामचंद्र साहा समेत मंडल एवं जिला स्तर के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों, परीक्षा में कथित अनियमितताओं और लाठीचार्ज के विरोध में पार्टी आंदोलन जारी रखेगी। जिले के विभिन्न प्रखंडों में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखता रहा।







