Search

August 12, 2026 1:41 am

काला बिल्ला लगाकर डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने जताया विरोध, लेवल-7 में शामिल करने की उठी मांग।

इकबाल हुसैन

पाकुड़। झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के आह्वान पर सोमवार को राज्यभर के डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया। पाकुड़ में भी ऑपरेटरों ने काला बिल्ला लगाकर सरकार और विभाग का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकृष्ट कराया। संघ की प्रमुख मांग है कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS), पलाश एवं ग्रामीण विकास विभाग के तहत लंबे समय से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को एचआर मैनुअल में लेवल-7 में शामिल किया जाए। साथ ही उनके पद और वेतनमान का उचित निर्धारण करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर वर्षों से विभागीय कार्यों का जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों, पद और वेतनमान से जुड़ी मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे ऑपरेटरों में असंतोष बढ़ रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि काला बिल्ला लगाकर विरोध जताने का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो संघ चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा। संघ ने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग से डाटा एंट्री ऑपरेटरों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उन्हें एचआर मैनुअल में लेवल-7 में शामिल करने तथा पद एवं वेतनमान निर्धारित करने की दिशा में जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!