Search

August 12, 2026 10:34 pm

रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश, सीएचसी में लगा शिविर।

पाकुड़िया। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाकुड़िया में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संकल्प लिया। रक्तदान करने वाले लोगों को जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से मौके पर ही प्रमाण पत्र दिया गया। साथ ही फल और एनर्जी ड्रिंक देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत ने बताया कि जिले में कई ऐसे जरूरतमंद मरीज हैं, जिन्हें नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान किसी के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने बताया कि जो लोग स्वेच्छा से ब्लड बैंक के लिए रक्तदान करना चाहते हैं, वे प्रत्येक माह की 24 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचकर आयोजित होने वाले शिविर में रक्तदान कर सकते हैं।
उन्होंने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से रक्तदान अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। शिविर में डॉ. वसीम रजा, डॉ. मंजर आलम, एनसीडी नोडल प्रभात दास, बीपीएम मृत्युंजय कुमार, एएनएम बिना कुमारी, जीएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!