पाकुड़। जिला कांग्रेस कार्यालय के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने पाकुड़ नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में जिला अध्यक्ष ने कहा है कि 16 अगस्त की रात जिला कांग्रेस कार्यालय, पाकुड़ के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से पूरे मामले की जांच की मांग की है।
कुमार सरकार ने पुलिस प्रशासन से यह भी स्पष्ट करने की मांग की है कि जिला कांग्रेस कार्यालय के समक्ष कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति किस अधिकारी द्वारा दी गई थी। उन्होंने अनुमति दिए जाने की परिस्थितियों की भी जांच कर इसकी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान और त्वरित कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।





