पाकुड़ विधानसभा की विधायक निसात आलम ने बुधवार को पाकुड़ स्थित सीएमटीसी परिसर में पलाश मार्ट का विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में पलाश मार्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विधायक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से उनकी आय बढ़ेगी और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना परिवार और समाज के समग्र विकास की दिशा में अहम कदम है। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद विधायक निसात आलम ने ‘सखी संवाद’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने सखी मंडल की सदस्यों और महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, जरूरतें और सुझाव सुने। विधायक ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्राथमिकता है। महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती से ही परिवार, समाज और क्षेत्र का वास्तविक विकास संभव है।







