पाकुड़: झालसा, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में सोनाजोड़ी स्थित वृद्धाश्रम में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर ‘अकेले नहीं, आप’ शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। शिविर के दौरान मेडिकल टीम ने वृद्धजनों की बीपी, शुगर समेत अन्य स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद जरूरत के अनुसार पेट दर्द, गैस और बुखार सहित सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान डालसा सचिव ने अपने हाथों से बुजुर्गों के बीच फल वितरित कर उनका सम्मान किया और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को यह एहसास कराना था कि वे समाज में अकेले नहीं हैं और उनके अधिकारों, स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा के लिए विधिक सेवा प्राधिकार उनके साथ खड़ा है। मौके पर वृद्धाश्रम के कर्मी, वरिष्ठ नागरिक, चिकित्सक व मेडिकल टीम के सदस्य तथा पैरा लीगल वॉलंटियर्स नीरज कुमार राउत सहित अन्य उपस्थित थे।








