पाकुड़। लिट्टीपाड़ा प्रखंड के गुतू गलांग हॉल में सोमवार को झामुमो जिला कोर कमेटी की बैठक जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में एसआईआर और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने कहा कि झारखंड अलग राज्य के लिए लंबे संघर्ष के बाद राज्य मिला है। अब राज्य के खनिज और अधिकारों की रक्षा के लिए फिर संघर्ष की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को खनिज संशोधन विधेयक के प्रावधानों की जानकारी देने और आंदोलन से जोड़ने की अपील की। सांसद विजय हांसदा ने कहा कि केंद्र सरकार खनिज संशोधन विधेयक के जरिए झारखंड के हितों को प्रभावित करना चाहती है। उन्होंने सभी प्रखंडों में 7 सितंबर को होने वाले धरने को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान किया। लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि लोगों को विधेयक से राज्य के राजस्व और विकास योजनाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव की जानकारी दी जाए। उन्होंने एसआईआर को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को अनमैप्ड मतदाताओं और नोटिस प्राप्त मतदाताओं की मदद करने तथा जरूरी दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटे।
जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि खनिज संशोधन विधेयक से झारखंड को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान और राज्य के बकाये से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में 7 सितंबर के धरना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर व सभी प्रखंडों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की गई। बैठक में जिला, केंद्रीय, प्रखंड और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।










