Search

August 25, 2026 9:43 pm

लेटेस्ट न्यूज़

धनबाद में पाकुड़ के पहलवानों का पावर शो, ‘किंग्स ऑफ झारखंड’ में 5 खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक।

पाकुड़। राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता ‘किंग्स ऑफ झारखंड’ में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का परचम लहराया। धनबाद में 22 और 23 अगस्त को आयोजित प्रतियोगिता में पाकुड़ के पांच खिलाड़ियों ने छह पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। पाकुड़ के लिए अर्घो कुमार गोन ने दो पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पावरलिफ्टिंग की 66 किलोग्राम सीनियर कैटेगरी में रजत तथा बॉडीबिल्डिंग की 65 किलोग्राम वेट कैटेगरी में कांस्य पदक जीता। उन्हें 1500 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसी तरह आशीष चौधरी ने सब-जूनियर 83 किलोग्राम कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। शशि सौरव साहा ने 93 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। देव कुमार ने 66 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में रजत, जबकि अंकित शर्मा ने 59 किलोग्राम जूनियर कैटेगरी में कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन जितेंद्र तांती ने किया। बॉडीबिल्डिंग के निर्णायक मंडल में इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन (IBBF) के सदस्य आर.एस. पांडा और जे.पी. मोंटी शामिल रहे। वहीं पावरलिफ्टिंग के निर्णायक की भूमिका अनंतो घोष ने निभाई।
पाकुड़ के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी है। लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि को जिले में खेल प्रतिभाओं के लिए उत्साह और प्रेरणा बढ़ाने वाली उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!