राजकुमार भगत
पाकुड़। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकालकर की। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता संबंधी नारे लगाते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। छात्राओं ने राहगीरों की कलाइयों पर राखी बांधकर उन्हें नशा त्यागने का संकल्प भी दिलाया। प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में विश्व शांति, नशा जागरूकता एवं मानव कल्याण की कामना से 21 कुंडीय हवन सह चरित्र निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित हवन में मुख्य अतिथि सीजेएम पाकुड़ संजीत कुमार चंद्रा, डीडीसी अरविंद लाल और डीएसओ राहुल कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति दी। इस अवसर पर सीजेएम संजीत कुमार चंद्रा ने कहा कि डीएवी में शिक्षा के साथ बच्चों के चरित्र निर्माण और संस्कारों पर भी विशेष जोर दिया जाता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वस्थ एवं सुखी समाज के लिए नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा आपसी प्रेम, शांति और सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति और मानव कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।










