हिरणपुर। आसंजोल स्थित चांदनी क्लब के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधिवत उद्घाटन किया। विधायक के पहुंचते ही खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि फुटबॉल युवाओं के शारीरिक विकास के साथ उनकी इच्छाशक्ति और अनुशासन को भी मजबूत करता है। खेल युवाओं को स्वस्थ रखने के साथ उन्हें सकारात्मक दिशा देने का बेहतर माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवा खेल के साथ शिक्षा को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं, क्योंकि शिक्षा परिवार और समाज के विकास की मजबूत नींव है। विधायक ने युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। टूर्नामेंट 29, 30 और 31 अगस्त तक चलेगा। उद्घाटन अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, रंजन कुमार साहा, पास्टर सोरेन, जब्बार अंसारी, जंतु सोरेन सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, खेलप्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।






