पाकुड़। गरीब और जरूरतमंद लोगों को उनके घर पर ही कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से एक सप्ताह का विशेष डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान शुरू किया गया। झालसा, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आदर्शनगर, पीरतल्ला सहित आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।
पैरा लीगल वॉलंटियर कमला राय गांगुली ने घर-घर पहुंचकर लोगों को डालसा से मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और जादू-टोना जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया। लोगों को बताया गया कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को कानूनी सहायता के लिए आर्थिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
इस दौरान लोगों से कानूनी सहायता या जानकारी के लिए नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की अपील की गई। अभियान का उद्देश्य समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे उनके घर तक पहुंचाना है।







