सांसद-विधायकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किए पुलिस के नए गश्ती वाहन, मजबूत होगी जिले की सुरक्षा व्यवस्था।
पाकुड़। जिले में अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस कार्रवाई को मजबूत करने के लिए पुलिस को 14 नई बोलेरो और 18 अपाचे 160-4V पेट्रोलिंग बाइक मिली हैं। गुरुवार को समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय परिसर से सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निसात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों के लिए रवाना किया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों और वाहन चालकों को नियमित गश्ती, अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए वाहनों का प्रभावी इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। रवाना होने के बाद सभी 32 वाहनों ने शहर में फ्लैग मार्च किया। इससे पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का संदेश देते हुए लोगों में सुरक्षा और विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया गया।










