शिक्षकों के योगदान को किया गया नमन, विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां; उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान।
पाकुड़। शिक्षक दिवस पर शनिवार को जिलेभर के विद्यालयों में पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। विभिन्न विद्यालयों में कहीं केक काटकर खुशियां साझा की गईं तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार जताया। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया। संत पॉल स्कूल कोलाजोड़ा में निदेशक गाब्रियल मुर्मू ने किया शुभारंभ : कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक गाब्रियल मुर्मू ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की। शिक्षकों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। गणमान्य अभिभावक सुनील हांसदा ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और मार्गदर्शन से ही समाज और राष्ट्र का भविष्य आकार लेता है। बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मौके पर प्राचार्या सुनीता हांसदा, शिक्षिका सावित्री सोरेन, मनीषा टुडू, अभिभावक सनत किस्कू, रसीद मुर्मू, मिनू टुडू, बालांदिना मरांडी, मिनूती मरांडी सहित शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद थे। डीएवी में गुरुजनों के सम्मान में रंगारंग कार्यक्रम : पाकुड़ डीएवी पब्लिक स्कूल में प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती एवं शिक्षकों ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, भाषण समेत कई प्रस्तुतियां दीं। प्राचार्य डॉ. चक्रवर्ती ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान नहीं देते, बल्कि चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संस्कार और मेहनत को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
संत पीटर ब्राइट स्कूल तलवा में दिखी सांस्कृतिक विविधता : पाकुड़िया के संत पीटर ब्राइट स्कूल में मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीनाथ मरांडी, प्राचार्य उमेश मुर्मू और उपप्राचार्य क्रिस्टोफर किस्कू की मौजूदगी में समारोह हुआ। विद्यार्थियों ने प्रार्थना नृत्य, संथाली, हिंदी, अंग्रेजी नृत्य, एक्शन सॉन्ग, गरबा, तमिल, असमिया और बंगाली नृत्य प्रस्तुत किए। मोबाइल बुरी बला पर आधारित नृत्य, जनजातीय फैशन शो और कक्षा तीन के विद्यार्थियों की स्किट विशेष आकर्षण रही। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। शिक्षकों मंजू मरांडी, प्रकाश हेम्ब्रम और अनिशा मरांडी की सक्रिय भूमिका रही। अमड़ापाड़ा में शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों ने काटा केक : राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय अमड़ापाड़ा में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने मिलकर केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। शिक्षक चंदन कुमार समेत अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और संस्कार का महत्व बताया। विद्यार्थियों ने गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला सम्मान : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पाकुड़ में आयोजित सम्मान समारोह में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इनमें पाकुड़िया आरके प्लस टू हाई स्कूल के शिक्षक अमोद राय, यूपीजी कन्या हाई स्कूल पाकुड़िया की शिक्षिका सतरूपा मुखर्जी तथा यूएचएस चौकीशाल के प्रधानाध्यापक राना प्रसाद साहू शामिल रहे। संताल एक्सप्रेस के जिला स्तरीय सम्मान समारोह में भी शिक्षक हुए सम्मानित : ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल पाकुड़ में संताल एक्सप्रेस, दुमका के तत्वावधान में जिला स्तरीय सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्य वक्ता जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ संस्कार, चरित्र और जीवन की सही दिशा देते हैं। मुख्य अतिथि किशन भगत, बीपीओ महेशपुर ने कहा कि शिक्षक का प्रभाव पाठ्यक्रम से कहीं व्यापक होता है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक, अभिभावक और प्रशासन के बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष गेब्रियल मुर्मू ने कहा कि बदलती शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों को नई तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप स्वयं को अपडेट करते रहना चाहिए। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। बाल विद्यापीठ के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। संताल एक्सप्रेस के ब्यूरो चीफ जितेंद्र कुमार दास ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। समारोह में बद्री रविदास (अपग्रेड मध्य विद्यालय सुंदरापहाड़ी), दीपक साहा (प्राथमिक विद्यालय हिंदी हाथकाठी), आनंद भगत (उच्च विद्यालय डांगापाड़ा), राजू नंदन साहा (उत्कृष्ट विद्यालय राज प्लस टू पाकुड़), धनंजय रविदास (अपग्रेड उच्च विद्यालय अंजना), ऋषि राज चटर्जी (यूएचएस विद्यालय करियोडीह, लिट्टीपाड़ा), राजीव घोष (प्रोजेक्ट प्लस टू विद्यालय बड़कियारी, महेशपुर), दीनानाथ रविदास (प्रधान शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय शिवनगर), गेब्रियल मुर्मू (संचालक एवं अध्यक्ष, झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पाकुड़), मनोज भगत (संचालक, ओपन स्काई स्मार्ट स्कूल पाकुड़), जय दत्ता (संचालक, बेथेस्डा मिशन स्कूल पाकुड़), विजय भंडारी (जिला सचिव, माध्यमिक शिक्षक संघ पाकुड़) और राजकुमार भगत (संचालक सह सचिव, झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन पाकुड़) को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में पाठ पढ़ाने तक सीमित नहीं हैं। वे विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिकता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर समाज की अगली पीढ़ी तैयार करते हैं। यही कारण है कि शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की पूरी परंपरा का सम्मान है।










