इकबाल हुसैन
महेशपुर। झालसा रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ की ओर से शनिवार को महेशपुर प्रखंड के दो स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। लीगल लिटरेसी क्लब आरके +2 उच्च विद्यालय महेशपुर और चंडालमारा पंचायत भवन में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी स्तर पर मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश और डालसा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक अजफर हुसैन विश्वास ने छात्राओं को मौलिक अधिकार एवं मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कानून की जानकारी होने से लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर गलत परिस्थितियों का मजबूती से सामना कर सकते हैं। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 और नालसा की विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया गया। स्थायी लोक अदालत के सदस्य मो. अबरारुल हक ने लोक अदालत की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाल विवाह और बाल मजदूरी के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को सचेत किया। साथ ही दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता, शिक्षा के अधिकार और साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पंचायत की मुखिया सनमती मरांडी, पैरा लीगल वॉलंटियर्स पिंटू मरांडी, मणिलाल हेंब्रम, प्रियंका हेंब्रम और उर्मिला हेंब्रम समेत विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।






