रांची/गिरिडीह। झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार को निधन हो गया। शनिवार देर रात गिरिडीह में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
हार्ट अटैक से मौत की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुदिव्य कुमार सोनू की मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार है। बताया जाता है कि शनिवार को ही उन्होंने शिक्षक दिवस से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था।
कई अहम विभागों की संभाल रहे थे जिम्मेदारी
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड सरकार में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अलावा नगर विकास एवं आवास, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में थे शामिल
सुदिव्य कुमार सोनू को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी नेताओं में माना जाता था। झामुमो संगठन में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई थीं। पार्टी और सरकार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में उनकी सक्रिय भूमिका रही थी।
निधन से झामुमो को बड़ा झटका
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड के राजनीतिक एवं प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से परिवार, समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है। पार्टी और सरकार में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उनके निधन को झामुमो के लिए बड़ा राजनीतिक और संगठनात्मक नुकसान माना जा रहा है।






