सीबीआई जांच की मांग, छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
पाकुड़। JPSC-JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ बुधवार को भाजपा ने पाकुड़ में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी एवं पूर्व विधायक लिट्टीपाड़ा दिनेश विलियम्स मरांडी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन भेजकर JPSC-JSSC की परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग की गई।
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में नियुक्ति परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मामला केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि अभ्यर्थियों को प्रश्नों के उत्तर तक रटवाए जाने के आरोप सामने आए हैं। प्राथमिक शिक्षक, उच्च माध्यमिक शिक्षक, फॉरेस्ट गार्ड, उत्पाद सिपाही, दरोगा, CGL सहित विभिन्न भर्तियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। मरांडी ने कहा कि JSSC की परीक्षाओं और पिछले छह वर्षों में JPSC द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इससे योग्य अभ्यर्थियों की नौकरी सुरक्षित रखने और दोषियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ होगा। उन्होंने राज्य सरकार की सीआईडी जांच पर भी सवाल उठाते हुए इसे निष्पक्ष जांच के लिए अपर्याप्त बताया। भाजपा ने आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने, रद्द या स्थगित परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों और आयोग के सदस्यों पर कार्रवाई की मांग की। मरांडी ने विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की भी निंदा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय मिलने तक भाजपा सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश कुमार ने किया। मौके पर प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, जिला प्रभारी निवास मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, मीरा प्रवीण सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।








