Search

September 19, 2026 10:31 pm

पाकुड़-हिरणपुर सड़क की जर्जर हालत पर उठे सवाल, डीसी से तत्काल मरम्मत की मांग

पाकुड़। पाकुड़-हिरणपुर मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर डॉ. भीमराव अंबेडकर विचार मंच ने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। मंच के जिला संयोजक सह सामाजिक कार्यकर्ता सुजीत कुमार विद्यार्थी ने कहा कि उपायुक्त आवास से सदर अस्पताल सोनाजोड़ी तक सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढों के कारण आम लोगों के साथ मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन में कहा गया है कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर पूर्व में भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया था, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत नहीं हो सकी। सबसे गंभीर स्थिति मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले लोगों की हो रही है। सुजीत विद्यार्थी ने कहा कि पाकुड़ पत्थर और कोयला जैसे खनिज संसाधनों से सरकार को बड़ी राजस्व राशि देने वाला जिला है, बावजूद इसके लोगों को सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने उपायुक्त से मामले में शीघ्र ठोस पहल कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!