Search

November 6, 2026 10:20 pm

तेज रफ्तार हाइवा ने छीना परिवार का इकलौता सहारा, युवक की मौत।

वाहन की टक्कर से गई जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घंटे तक जाम रखी सड़क।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर थाना क्षेत्र के सोनारपाड़ा गांव में हाइवा की टक्कर से 22 वर्षीय युवक अभिजीत माल की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक आवागमन ठप रहा। बाद में समझाने-बुझाने पर जाम हटाया गया। मृतक के बड़े भाई सुदीप माल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे अभिजीत पैदल अपने घर सोनारपाड़ा जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे हाइवा (WB53C6425) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क के दूसरी ओर जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे महेशपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, अभिजीत अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था। परिवार की आजीविका की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने फरार हाइवा चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सुदीप माल के आवेदन पर महेशपुर थाना कांड संख्या 186/26 के तहत बीएनएस की धारा 281 और 106(1) में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

IMG 20261106 WA0026

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!