Search

November 6, 2026 10:18 pm

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ा खरीदारों का सैलाब, सोने-चांदी से लेकर वाहनों तक जमकर हुई खरीदारी

बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स और दोपहिया वाहनों की दुकानों पर रही भारी भीड़; दीपावली की रौनक से गुलजार हुए जिले भर के बाजार।

पाकुड़। धनतेरस के साथ ही शुक्रवार को जिलेभर के बाजारों में धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए लोगों का सैलाब उमड़ता रहा। पाकुड़ मुख्यालय से लेकर महेशपुर और पाकुड़िया बाजार तक हर ओर ग्राहकों की भीड़ और त्योहार का उत्साह देखने को मिला। शुभ खरीदारी की परंपरा के चलते सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, पीतल, कांसा, तांबा और स्टील के बर्तनों की दुकानों पर विशेष रौनक रही। आभूषण दुकानों में सबसे अधिक भीड़ नजर आई।
धनतेरस पर लोगों ने परंपरा के अनुसार झाड़ू, नमक और धनिया की भी खरीदारी की। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल की मांग रही। दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों के शोरूम में भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी और बुकिंग की। दीपावली को लेकर मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं, सजावटी सामान, पूजा सामग्री और आतिशबाजी की दुकानों पर भी खूब चहल-पहल रही। पाकुड़िया बाजार में लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं 50 से 150 रुपये तक और मिट्टी के दीये 80 रुपये सैकड़ा बिके। ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ विशेष छूट और कई तरह के ऑफर भी दिए। धनतेरस की रौनक से छोटे कारोबारियों के चेहरे भी खिले रहे। इधर, दीपावली और कालीपूजा को लेकर तैयारियां भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पाकुड़िया दुर्गा मंदिर सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में कालीपूजा की तैयारी चल रही है। मूर्तिकार मां काली की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई के बाद सजावट का काम भी तेज हो गया है। वहीं बाजारों में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए पाकुड़िया पुलिस गश्त करती नजर आई, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार की खरीदारी कर सकें।

IMG 20261106 WA0024
IMG 20261106 WA0021
IMG 20261106 WA0020

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!