Search

October 5, 2026 7:08 pm

हर बूथ पर 10 अक्टूबर से मदद केंद्र, कोई पात्र मतदाता सूची से नहीं छूटेगा।

पाकुड़। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नोटिस की सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी ने बताया कि 10 अक्टूबर से जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मदद केंद्र शुरू किए जाएंगे। यहां बूथ स्तर के अधिकारी और पर्यवेक्षक मौजूद रहकर मतदाताओं को पुनरीक्षण प्रक्रिया, दस्तावेज और दावों से संबंधित जानकारी देंगे। पहले जारी नोटिसों की सुनवाई 12 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी, जबकि नए नोटिस की सुनवाई ऑनलाइन माध्यम से होगी।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। राजनीतिक दल अपने बूथ प्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 अवश्य भरवाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से समन्वय के साथ अभियान चलाकर स्वच्छ, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग की अपील की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!