Search

October 7, 2026 9:53 pm

सड़क पर हाईवा का ‘राज’, कागजों में बालू का स्टॉक!

सोनारपाड़ा-अमड़ापाड़ा मार्ग पर रोज दौड़ रहे सैकड़ों ओवरलोड वाहन।

इकबाल हुसैन

पाकुड़। सोनारपाड़ा-अमड़ापाड़ा मुख्य मार्ग पर बालू-पत्थर लदे हाईवा की बेलगाम रफ्तार ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। झारखंड से पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क पर हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वाहन तेज रफ्तार और ओवरलोड स्थिति में गुजर रहे हैं। दुर्गा पूजा को लेकर सड़क पर भीड़ बढ़ने वाली है। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग और नियमित वाहन जांच की मांग की है।

बालू के स्टॉक चालान ने बढ़ाया सवाल:

बारिश के दिनों में बालू परिवहन पर प्रतिबंध के बावजूद रोजाना बड़ी संख्या में बालू लदे वाहनों के गुजरने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वाहन वैध स्टॉक चालान के आधार पर निकल रहे हैं तो रोजाना इतनी बड़ी मात्रा में बालू का स्टॉक कहां से आ रहा है? स्टॉक चालान की भी एक निर्धारित सीमा होती है, फिर लगातार सैकड़ों वाहनों की आवाजाही कैसे हो रही है? स्थानीय सूत्रों ने स्टॉक चालान के नाम पर गड़बड़ी की आशंका जताई है। हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में स्टॉक रजिस्टर, चालान, खनन स्थल और प्रतिदिन निकलने वाले वाहनों की जांच से तस्वीर साफ हो सकती है।

धूल, जाम और रफ्तार से परेशानी:

भारी वाहनों के कारण सड़क पर धूल का गुबार उठ रहा है। स्कूली बच्चों, मरीजों, राहगीरों और दोपहिया चालकों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में तेज रोशनी और हॉर्न के कारण भी सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है। महेशपुर सीओ संजय सिन्हा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए वाहनों की गति नियंत्रित करने और भारी वाहनों की निगरानी के लिए पुलिस व संबंधित विभाग के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

IMG 20261007 WA0013
IMG 20261007 WA0012 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!