पाकुड़िया। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय राजबाड़ी में गुरुवार को राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे अभियान की इस वर्ष की थीम ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ रखी गई है। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य पत्राश टुडू ने शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाकर की। इसके बाद विद्यालय परिवार ने एक घंटे तक श्रमदान कर परिसर, छात्रावास, भोजनालय, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की। एकत्रित कचरे का भी उचित तरीके से निस्तारण किया गया। श्रमदान के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखा। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। प्राचार्य पत्राश टुडू ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी समझे और उसमें सहभागिता निभाए, तो स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है। श्रमदान और जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यालय परिवार ने स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी और निरंतर प्रयास का संदेश दिया।






