Search

October 10, 2026 9:47 pm

मानसिक रोगियों के अधिकारों पर जागरूकता, मुफ्त कानूनी मदद की दी जानकारी

डालसा और स्वास्थ्य समिति ने संयुक्त रूप से मनाया राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस

पाकुड़। शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य भी जरूरी है। मानसिक रोग से जूझ रहे लोगों को सम्मान, बेहतर इलाज और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से शनिवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पाकुड़ में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) और जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। झालसा, रांची के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम डालसा अध्यक्ष सह प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देशन और डालसा सचिव रूपा बंदना किरो की देखरेख में हुआ। स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अशोक कुमार शुक्ला ने मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के अधिकारों और उनके लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानसिक रोग से ग्रसित लोगों को भी सम्मानजनक जीवन, उचित उपचार और सुरक्षा का पूरा अधिकार है। उनके साथ किसी तरह का भेदभाव या अमानवीय व्यवहार नहीं होना चाहिए।

इलाज से लेकर गोपनीयता तक के अधिकार बताए।

कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल और डिप्टी मो. नुकुमुद्दीन शेख ने मानसिक रोगियों के कानूनी अधिकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने निशुल्क कानूनी सहायता, सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रहने, गोपनीयता बनाए रखने, सामुदायिक जीवन जीने और समान अवसर पाने के अधिकारों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि मानसिक बीमारी से पीड़ित लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जागरूकता और सहयोग जरूरी है।

फाइलेरिया से बचाव की भी दी जानकारी।

सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केके सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के साथ फाइलेरिया से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। वहीं, डॉ. शेखावत हुसैन ने मानसिक बीमारी के लक्षण, उपचार और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार की जरूरत बताई। उन्होंने दिव्यांगता प्रमाणपत्र के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया। मंच संचालन इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेडएच विश्वास ने किया। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के सदस्य अबरारुल हक, डॉ. सोनाली कुमारी, डॉ. राजेश कुमार शर्मा, एमए हक, बीपीएम राजकिशोर, सहिया, एनजीओ प्रतिनिधि महावीरलाल चौधरी, नरगिस खातून तथा डालसा के पैरा लीगल वॉलंटियर चंद्रशेखर घोष और नीरज कुमार राउत सहित अन्य लोग मौजूद थे।

IMG 20261010 WA0020
IMG 20261010 WA0019 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!