Search

October 11, 2026 9:56 pm

बाल विवाह के खिलाफ उतरीं किशोरियां, नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

छह पंचायतों की किशोरी समूहों ने लिया हिस्सा, रैली, चित्रकला और फुटबॉल मैच के जरिए बालिका अधिकारों पर किया जागरूक।

पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर रविवार को महेशपुर प्रखंड की रोलाग्राम पंचायत में झारखंड विकास परिषद की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छह पंचायतों के किशोरी समूहों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और समान अवसरों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। परिषद की सचिव सुभाषिनी सोरेन की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में किशोरियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों को सामने रखा। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा और सुरक्षित बचपन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। साथ ही समाज से इस कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की। कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता, जागरूकता रैली और फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया। चित्रों के माध्यम से बच्चों ने बाल अधिकारों और बाल विवाह से जुड़े मुद्दों को उजागर किया। वहीं, खेल गतिविधियों ने बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और भागीदारी को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह रोकने, बालिकाओं की शिक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। मौके पर कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन, चामा मुंडा, सोनू ठाकुर, शाहीन परवीन, बिबियाना, अमल सरकार, शमीम, मुकेश, बसंती, सुनीता, ममता, मेलो सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!