किंग्स XI को 67 रनों से दी शिकस्त, पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए JSCA और PDCA के पदाधिकारी
पाकुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन (PDCA) की ओर से आयोजित पीडीसीए अंडर-14 लीग-2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को रानी ज्योतिर्मय स्टेडियम, पाकुड़ में खेला गया। रोमांचक मुकाबले में पीएस एकेडमी क्रिकेट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए किंग्स XI को 67 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएस एकेडमी की टीम ने 22.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 140 रन बनाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्स XI की टीम पीएस एकेडमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 14.3 ओवर में 73 रन पर ही सिमट गई। इस तरह पीएस एकेडमी ने 67 रनों से शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के प्रतिनिधि एवं लाइफटाइम सदस्य श्री बीरेंद्र कुमार पाठक, पाकुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन (PDCA) के सचिव प्रणय तिवारी, कोषाध्यक्ष गणपत सिंह तथा एसोसिएशन के सदस्य आशुतोष यादव, कुलदीप सिंह, प्रीतम मिश्रा और अनिल साह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। अतिथियों ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए युवा क्रिकेटरों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पाकुड़ जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता ने जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान किया। फाइनल मुकाबले के साथ पीडीसीए अंडर-14 लीग-2026 का समापन हुआ। पुरस्कार विजेता खिलाड़ी: मैन ऑफ द सीरीज आशु दुबे, बेस्ट बैट्समैन बप्पी कुमार, बेस्ट बॉलर मुजीबुर रहमान तथा फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच पीएस एकेडमी के मुजीबुर रहमान रहे।







