Search

October 15, 2026 12:06 am

मालिपाड़ा हत्याकांड में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश, 2-3 लोगों की गिरफ्तारी की चर्चा!

सूत्रों का दावा- दुमका का रहने वाला था मृतक, एक दिन में जांच ने पकड़ी रफ्तार; आधिकारिक खुलासे का इंतजार

पाकुड़। बंद पत्थर खदान में युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पाकुड़ पुलिस की तेज तर्रार जांच में सफलता मिली है, सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस ने मामले में दो से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मृतक के दुमका जिले का निवासी होने की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस ने अब तक न तो गिरफ्तारी की पुष्टि की है और न ही मृतक की पहचान सार्वजनिक की है।

एक दिन में कार्रवाई, खुलासे की बढ़ी उम्मीद।

शहरकोल पंचायत के मालिपाड़ा गांव स्थित बंद पत्थर खदान में मंगलवार को युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। अब सूत्रों से मिल रही गिरफ्तारी की जानकारी ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और घटना से जुड़े तथ्यों को खंगालने में जुटी हैं। यदि गिरफ्तारी की खबर की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इसे मामले की जांच में बड़ी प्रगति माना जाएगा।

रस्सी से बंधे थे हाथ, चेहरे पर चोट के निशान।

खदान के पानी में मिले युवक के दोनों हाथ रस्सी से बंधे थे। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान भी बताए गए थे। खदान के पास सड़क पर खून मिलने की जानकारी के बाद हत्या कर शव को वहां फेंके जाने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की थी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने आ सकते हैं अहम तथ्य।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा कर सकती है। फिलहाल, कथित गिरफ्तारी, मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है। पुलिस के खुलासे के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!