Search

October 15, 2026 11:39 pm

खनन सामग्री ढोने वाले पांच भारी वाहनों पर कार्रवाई, वसूला गया जुर्माना।

चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग का विशेष अभियान, दस्तावेजों से लेकर नंबर प्लेट तक की जांच

पाकुड़। जिले में खनन सामग्री की ढुलाई करने वाले भारी वाहनों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसा। गुरुवार को प्यादापुर माइनिंग चेकपोस्ट पर चलाए गए विशेष जांच अभियान में पांच वाहनों के दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर कुल 41 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। जांच में प्रदूषण प्रमाणपत्र, बीमा और अन्य जरूरी कागजात की वैधता परखने के साथ वाहन की पहचान से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले गए। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान गिट्टी, चिप्स और अन्य खनन सामग्री लेकर चलने वाले भारी व्यावसायिक वाहनों की सघन जांच की गई। अधिकारियों ने पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), चेसिस व इंजन नंबर, बीमा, फिटनेस, रोड टैक्स, परमिट और चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की।

नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर भी नजर

वाहनों की नंबर प्लेट और वास्तविक पहचान का मिलान किया गया। नंबर प्लेट से छेड़छाड़, अनधिकृत बॉडी बदलाव, अतिरिक्त हाई बीम लाइट और अन्य संभावित अनियमितताओं पर भी नजर रखी गई। खनन सामग्री ढोने वाले वाहनों में तिरपाल और रिफ्लेक्टिव टेप सहित जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

नियम तोड़ने पर आगे भी होगी कार्रवाई।

जांच के दौरान चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने और थकान होने पर सुरक्षित स्थान पर आराम करने की हिदायत दी गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और वाहन संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जिले के विभिन्न चेकपोस्ट और प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान जारी रहेगा। वाहन मालिकों से सभी दस्तावेज वैध रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!