राहुल दास
पाकुड़ (हिरणपुर)। पाकुड़-दुमका मुख्य पथ पर घाघरजानि के पास गुरुवार सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार कोयला डंपर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में डंपर चालक बापी साहा घायल हो गया। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी है। उसे इलाज के लिए सोनाजोड़ी स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के रायपुर से सरसों लेकर चार ट्रक मालदा जा रहे थे। इनमें से एक ट्रक (नंबर JH 10 TR 0990) पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था और उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान पाकुड़ की ओर से आ रहे कोयला डंपर (नंबर BH 16 J 2579) ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़े ट्रक की डीजल टंकी टूट गई और उसमें भरा तेल सड़क पर बह गया। वहीं, डंपर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक चालक गिरिडीह निवासी इम्तियाज अंसारी के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उसकी मरम्मत चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचे एएसआई भोला राम ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर को जब्त कर लिया।
प्रतिबंध के बाद भी डंपरों की आवाजाही पर सवाल
हादसे के बाद इस मार्ग पर कोयला वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया गया कि पुलिस प्रशासन ने 23 अक्टूबर तक इस पथ पर कोयला वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद डंपरों के गुजरने से प्रतिबंध के पालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्धारित मार्ग के बजाय हिरणपुर और डांगापाड़ा के रास्ते भी डंपरों की आवाजाही जारी है। अब सवाल यह है कि प्रतिबंध के बावजूद इस मार्ग पर कोयला डंपर किस अनुमति से चल रहे हैं और निर्धारित रूट का पालन क्यों नहीं कराया जा रहा है। मामले में संबंधित अधिकारियों की जांच और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत है।






