इमरजेंसी ओटी, ओपीडी और डेंटल विभाग का निरीक्षण; स्वच्छता और बेहतर इलाज को लेकर दिए निर्देश
राजकुमार भगत
पाकुड़। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. पीके संथालिया ने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी ऑपरेशन थिएटर (ओटी), सामान्य ओपीडी, महिला ओपीडी और डेंटल ओपीडी का जायजा लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं और विभागों के संचालन की स्थिति देखी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डॉ. संथालिया ने कहा कि आम लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।








