Search

October 24, 2026 8:28 pm

15 नवंबर तक एसआईआर का काम पूरा करें, कोई पात्र मतदाता नहीं छूटे : डीसी

पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की बूथवार समीक्षा, लंबित नोटिसों का तत्काल वितरण करने और बीएलओ को प्रमाण-पत्र देने का निर्देश।

पाकुड़। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्यों को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 नवंबर तक एसआईआर से जुड़े सभी कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
बैठक में बूथवार नोटिस वितरण, लंबित मामलों और निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से उन बूथों की जानकारी ली, जहां अभी नोटिसों का वितरण बाकी है। उन्होंने लंबित नोटिसों को अविलंब वितरित करने और कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज होना निर्वाचन प्रक्रिया की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) अपने क्षेत्र में निर्धारित कार्यों को गंभीरता से पूरा करें। कार्य समाप्त होने के बाद बीएलओ को प्रमाण-पत्र भी देना होगा कि उनके क्षेत्र में एसआईआर के निर्धारित कार्य पूरे कर लिए गए हैं और कोई पात्र मतदाता छूटा नहीं है।

लंबित मामलों की नियमित निगरानी होगी।

बैठक में बीएलओ सुपरवाइजर, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) को नियमित निगरानी करने तथा लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। उपायुक्त ने जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने अंचल निरीक्षक और संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, पेशकार टीम के पदाधिकारी-कर्मी, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित थे।

IMG 20261024 WA0013

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!