राहुल दास
हिरणपुर(पाकुड़):पाकुड़ जिले में स्कूली बच्चों के नामांकन से जुड़े आंकड़ों को दुरुस्त करने और यू-डायस पोर्टल पर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने को लेकर शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) अनिता पूर्ति ने प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी), हिरणपुर का अनुश्रवण किया। इस दौरान उन्होंने ड्रॉप बॉक्स एंट्री कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों से विस्तृत जानकारी ली।मिली जानकारी के अनुसार, चालू वर्ष में जिले के यू-डायस पोर्टल पर करीब 24 हजार बच्चे ड्रॉप बॉक्स में दर्ज हैं। इनमें ऐसे विद्यार्थी शामिल हैं, जिनका नामांकन एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में हुआ है। इन सभी बच्चों के डेटा का सत्यापन कर दोबारा डेटा बेस में सही तरीके से इंट्री की जानी है।इसके लिए संबंधित बीआरसी के आईसीटी लैब में प्रखंडवार विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित शिक्षकों की मौजूदगी में नामांकन पंजी से पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मिलान किया जाएगा। कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए आईसीटी इंस्ट्रक्टर पिनाकी रंजन दे, अमित कुमार, नीरज कुमार रजक, सुजीत कुमार सहित अन्य कर्मियों को प्रतिनियोजित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान डीईओ अनिता पूर्ति ने प्रतिनियोजित कर्मियों से कार्य की प्रगति और तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही डेटा सत्यापन एवं इंट्री कार्य को पूरी सावधानी और व्यवस्थित तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर बीआरपी संजय कुमार जायसवाल, लखीराम साहा, प्रेमसागर कुशवाहा सहित अन्य उपस्थित थे।
शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में नामांकित बच्चों का सही आंकड़ा सुनिश्चित करना और यू-डायस पोर्टल पर उपलब्ध डेटा को त्रुटिरहित बनाना है।





