Search

November 8, 2026 12:17 am

पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता पर हंसुआ से किया जानलेवा हमला, गिरफ्तार

बीच-बचाव करने पहुंचे पिता के हाथ और सिर पर किए कई वार, गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

पाकुड़िया। थाना क्षेत्र के रामदेवकुंडी गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मां के साथ गाली-गलौज कर रहे बेटे को रोकने पहुंचे पिता पर उसने हंसुआ से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बेटे सुनील मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 5 नवंबर की शाम करीब छह से सात बजे के बीच की है। इस संबंध में घायल ईश्वर मुर्मू की पत्नी लुखी किस्कू ने पाकुड़िया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, सुनील मुर्मू घर पहुंचने के बाद अपनी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। पिता ईश्वर मुर्मू जब बीच-बचाव करने पहुंचे तो सुनील ने हंसुआ से उनके बाएं हाथ पर दो-तीन वार कर दिए। इसके बाद सिर पर भी जोरदार प्रहार किया, जिससे वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। ग्रामीणों की मदद से घायल ईश्वर मुर्मू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सुनील मुर्मू को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!