तीन क्यूआरटी किसी भी आपात स्थिति से निपटने को तैयार।
मंदिरों, पूजा पंडालों और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर।
पाकुड़। दीपावली और काली पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है। जिले के मंदिरों, पूजा पंडालों, संवेदनशील धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए तीन विशेष क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैयार रखा गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी प्रतिनियुक्त जवानों, गृहरक्षकों और चौकीदारों को ब्रीफिंग कर सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है। क्यूआरटी को हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन जैसे सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है। टीम के सदस्यों को प्रत्येक दो घंटे पर अपनी खैरियत रिपोर्ट और ड्यूटी स्थल की तस्वीर व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करनी होगी। सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही रोकने के लिए क्यूआरटी की तैनाती और मूवमेंट पर भी सख्त नियंत्रण रखा गया है। थाना प्रभारी पुलिस अधीक्षक की अनुमति के बिना टीम की संख्या कम नहीं कर सकेंगे। वहीं, क्यूआरटी प्रभारी भी संबंधित थाना प्रभारी की अनुमति के बगैर निर्धारित स्थल नहीं छोड़ेंगे। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।





