पाकुड़ पुलिस ने एक साथ बरामद किए 31 मोबाइल फोन, धारकों को बुलाकर सौंपे; अभियान के तहत अब तक 76 मोबाइल की हो चुकी है बरामदगी।
पाकुड़: मोबाइल चोरी या गुम होने के बाद उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 31 लोगों के चेहरे पर शनिवार को उस वक्त मुस्कान लौट आई, जब पाकुड़ पुलिस ने उनके मोबाइल खोजकर वापस सौंपे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी और गुम हुए 31 मोबाइल फोन बरामद किए गए। 21 नवंबर को पुलिस ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के 12, महेशपुर के चार, लिट्टीपाड़ा के तीन, मुफस्सिल के तीन, हिरणपुर के तीन, अमड़ापाड़ा के दो, पाकुड़िया के तीन और मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र का एक मोबाइल शामिल है। बरामद मोबाइल अलग-अलग कंपनियों के हैं।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान के तहत इससे पहले 7 जनवरी को पांच, 19 मार्च को 19 और 31 मार्च को 21 मोबाइल बरामद कर उनके धारकों को लौटाए गए थे। इस प्रकार इन चार चरणों में अब तक कुल 76 चोरी या गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस किए जा चुके हैं। इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों, तकनीकी शाखा और सीसीटीएनएस से जुड़े पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और गुम हुए अन्य मोबाइल की तलाश का अभियान आगे भी जारी रहेगा।






