इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़ : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रविवार को महेशपुर प्रखंड के गढ़बाड़ी में पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालक गाय, भैंस और बकरियों को लेकर पहुंचे। पशु चिकित्सकों ने पशुओं की स्वास्थ्य जांच कर बीमार पशुओं का इलाज किया तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। डॉ. मनु जायसवाल और डॉ. विजय मुंडा की मौजूदगी में पशुपालकों के बीच कृमिनाशक दवाओं और मिनरल मिक्सचर का वितरण किया गया। साथ ही पशुओं के नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार, साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव के बारे में जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि समय पर टीकाकरण और दवाओं के इस्तेमाल से पशुओं को कई गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। इससे पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहने के साथ दूध उत्पादन में भी वृद्धि होती है। गांव में ही निःशुल्क जांच, इलाज और दवाएं मिलने से पशुपालकों ने खुशी जताई। शिविर में पशुपालन विभाग के कर्मियों के अलावा दीपक कुमार सहित स्थानीय लोग मौजूद थे।








