Search

November 23, 2026 8:17 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पाकुड़ स्टेशन पर अब मवेशियों की ‘नो एंट्री’, पुराने इंतजाम फेल होने पर रेलवे ने बनाई नई सुरक्षा योजना

प्लेटफॉर्म पर आवारा पशुओं के पहुंचने से रेल प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील रास्तों पर लगेंगे स्टील फ्रेम और मजबूत घेराबंदी।

राजकुमार भगत

पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर आवारा पशुओं का प्रवेश रोकना रेल प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। पहले लोहे की जाली और काउकैचर लगाने के बावजूद मवेशियों के प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की आशंका बनी हुई है। इसे गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने अब स्टेशन के संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त घेराबंदी करने का निर्णय लिया है। सोमवार को स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरसंचार) संजय कुमार ओझा ने स्टेशन परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पशुओं के प्रवेश के संभावित रास्तों की पहचान कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
योजना के तहत पुरानी आरक्षण प्रणाली केंद्र के सामने स्टील फ्रेम लगाकर घेराबंदी की जाएगी। वहीं, हनुमान मंदिर के पीछे प्लेटफॉर्म नंबर एक के हावड़ा छोर पर भी विशेष सुरक्षा अवरोध लगाए जाएंगे।
स्टेशन प्रबंधक लखीराम हेंब्रम ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्लेटफॉर्म पर मवेशियों की मौजूदगी से कभी भी दुर्घटना हो सकती है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संभावित प्रवेश मार्गों को बंद करने की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान ईस्टर्न जोनल रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, हावड़ा मंडल के अध्यक्ष हिसाबी राय भी मौजूद रहे। उन्होंने रेलवे की पहल का स्वागत करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को जल्द धरातल पर उतारने की मांग की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!