Search

November 23, 2026 8:20 pm

लेटेस्ट न्यूज़

आरोपों पर खुलकर बोलीं नगर अध्यक्ष, कहा- गड़बड़ी मिली तो होगी एफआईआर; जनता को भ्रमित करने की कोशिश न करें।

मत्स्य विभाग में सड़क-नाली निर्माण से लेकर 16 सोलर लैंप तक पर रखा पक्ष, मूर्ति सफाई में देरी पर मांगी माफी

पाकुड़। नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने शहर में पिछले कुछ दिनों से उठ रहे सवालों और आरोपों पर वीडियो बयान जारी कर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने मत्स्य विभाग में सड़क-नाली निर्माण, 16 सोलर लैंप, मूर्ति सफाई और प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित पैसों की मांग जैसे मुद्दों पर विस्तार से जवाब दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार या अवैध वसूली की शिकायत प्रमाण के साथ सामने लाई जाए, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। मत्स्य विभाग परिसर में घर नहीं होने के बावजूद सड़क और नाली निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर सबरी पाल ने कहा कि संबंधित कार्य उनके शपथ ग्रहण से पहले ही स्वीकृत हो चुका था। टेंडर और एग्रीमेंट की प्रक्रिया भी पहले पूरी हो गई थी। उन्होंने केवल कार्य का शिलान्यास किया था। उनके अनुसार, वहां नाली की जरूरत थी और नाली के साथ पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया। यह वर्तमान बोर्ड या उपाध्यक्ष द्वारा पारित योजना नहीं है। इसकी विस्तृत जानकारी कार्यपालक पदाधिकारी से ली जा सकती है। वहीं, 16 सोलर लैंप का मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और जानकारियों की जांच होनी चाहिए। यह पता लगाना जरूरी है कि लैंप कहां से आए और नगरपालिका तक कैसे पहुंचे। किसी एजेंसी द्वारा सामान सड़क पर रखकर चले जाने मात्र से उसे स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
मूर्ति सफाई अभियान पर उन्होंने बताया कि बोर्ड की बैठक में प्रत्येक शनिवार को मूर्तियों की सफाई कराने का प्रस्ताव पारित किया गया है। करीब एक महीने तक अस्वस्थ रहने के कारण अभियान प्रभावित हुआ, जिसके लिए उन्होंने नगरवासियों से खेद जताया। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से सफाई कराई जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभुकों से पैसे मांगने या लेने की शिकायतों पर नगर अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यदि किसी से पैसे की मांग की गई है या किसी ने पैसे लिए हैं तो शिकायतकर्ता ठोस सबूत के साथ सामने आएं। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अपने बयान के अंत में सबरी पाल ने कहा कि कुछ लोग कागजों और बयानों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से भी अपील की कि तथ्यों की पड़ताल के बिना किसी बात को इस तरह प्रस्तुत न किया जाए, जिससे आम जनता भ्रमित हो।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!