डीसी मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई बैठक, कैंसर मरीजों को 25 हजार रुपये तक की सहायता का प्रावधान
पाकुड़। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जिले के 21 अनुसूचित जनजाति लाभुकों को आर्थिक सहायता देने के लिए उनके आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त आवेदनों पर विचार के बाद स्वीकृति प्रदान की गई। योजना के तहत वयस्क लाभुकों को बीमारी के अनुसार तीन से पांच हजार रुपये तथा अवयस्कों को 1500 से 2500 रुपये तक की सहायता दी जाती है। वहीं, कैंसर से पीड़ित वयस्कों को अधिकतम 25 हजार और अवयस्कों को 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। योजना का उद्देश्य अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के जरूरतमंद लोगों को बीमारी के दौरान आर्थिक मदद के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने में सहयोग करना है। लाभ लेने के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, जाति और आय प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।





