मालतो-मावड़ो भाषा को क्षेत्रीय जनजातीय सूची में शामिल करने से लेकर 2% आरक्षण, महिलाओं को ₹2500 पेंशन और पहाड़िया स्वायत्त परिषद के गठन की उठाई मांग।
30 नवंबर को कमिश्नर कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन, मांगें नहीं मानी गईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी।
पाकुड़। भाषा, पहचान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर पहाड़िया समाज ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति, झारखंड की ओर से बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम मांग-पत्र सौंपकर आदिम जनजाति समुदायों के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक विकास से जुड़ी 10 सूत्री मांगों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की गई। समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संताल परगना के प्राचीन मूलनिवासी सौरिया पहाड़िया और कुमारभाग पहाड़िया समुदाय आज भी भाषा, शिक्षा, रोजगार और सरकारी योजनाओं में अपेक्षित अधिकारों से वंचित हैं। विशेष रूप से क्षेत्रीय जनजातीय भाषा की सूची से मालतो और मावड़ो भाषा को हटाए जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे पहाड़िया युवाओं के रोजगार के अवसरों से जोड़कर देखा गया। समिति ने दोनों भाषाओं को तत्काल क्षेत्रीय जनजातीय भाषा की सूची में शामिल करने की मांग की। धरना के माध्यम से सरकारी नौकरियों में आदिम जनजातियों के लिए निर्धारित 2 प्रतिशत आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने, आदिम जनजाति महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये पेंशन देने तथा झारखंड जनजातीय सलाहकार परिषद में समुदाय के एक प्रतिनिधि को मनोनीत करने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा संताल परगना में वर्षों से रिक्त पहाड़िया कल्याण पदाधिकारी और क्षेत्रीय पर्यवेक्षक के पदों पर नियुक्ति तथा आदिम जनजातियों के विकास के लिए मिलने वाली केंद्रीय सहायता राशि का अलग मद में उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की गई। समिति ने ऐतिहासिक दामिन-ए-कोह के 1356 वर्गमील क्षेत्र की सीमा को चिह्नित कर पक्के पिलरों से घेराबंदी करने, अतिक्रमण हटाने और आवंटित डाक बंगलों का निर्माण कराने की मांग रखी। खतियान में माल जाति दर्ज होने के बावजूद अनुसूचित आदिम जनजाति की सूची में शामिल नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।
राजनीतिक और संवैधानिक प्रतिनिधित्व को लेकर समिति ने पहाड़िया स्वायत्त परिषद के गठन की मांग करते हुए 2 नवंबर 1894 की अधिसूचना संख्या 4844 का हवाला दिया। साथ ही आदिम जनजातियों को लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा में समुचित प्रतिनिधित्व देने तथा दामिन-ए-कोह क्षेत्र में विशेष राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की। राजमहल की पहाड़ियों के ऐतिहासिक और पर्यावरणीय महत्व का हवाला देते हुए वहां उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई। समिति के पदाधिकारी शिवचरण मालतो ने कहा कि पहाड़िया समाज ने अपनी जमीन, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है, लेकिन आज भी संवैधानिक संस्थाओं में उसकी भागीदारी नगण्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर कब्जा, शोषण, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याओं से समुदाय जूझ रहा है। अब समाज अपने अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आंदोलन की अगली रणनीति बताते हुए कहा कि 30 नवंबर को कमिश्नर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना और हड़ताल शुरू की जाएगी। जरूरत पड़ने पर राजधानी रांची में राज्यपाल के समक्ष भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरना के माध्यम से समिति ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित पदाधिकारियों से पहाड़िया समुदाय की मांगों पर गंभीरता से विचार कर ठोस निर्णय लेने की अपील की।








