डीसी को सौंपा ज्ञापन, पंजीकरण से लेकर नियमावली तक की जांच कराने का आग्रह; एसडीओ की निगरानी में चुनाव कराने का मिला भरोसा
पाकुड़। करीब दो दशक से विधिवत चुनाव नहीं होने के आरोपों के बीच पाकुड़ प्रेस क्लब के लोकतांत्रिक गठन की मांग तेज हो गई है। जिले के विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों के शिष्टमंडल ने उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और प्रेस क्लब के गठन एवं संचालन की निष्पक्ष जांच कराकर सभी पात्र पत्रकारों की भागीदारी से चुनाव कराने की मांग की। पत्रकारों का आरोप है कि पिछले करीब 20 वर्षों से प्रेस क्लब का संचालन बिना व्यापक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के हो रहा है। अब तक जिले के सभी पत्रकारों को शामिल कर खुली और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। सीमित संख्या में पत्रकारों के बीच ही चुनाव कराए जाने की बात सामने आती रही है। लंबे समय से मुकेश जायसवाल के अध्यक्ष पद पर बने रहने को लेकर भी पत्रकारों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रेस क्लब के पंजीकरण, संविधान, नियमावली और कार्यकाल से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की। पत्रकार प्रीतम सिंह यादव ने कहा कि रांची, देवघर और धनबाद समेत कई जिलों में पत्रकारों की सहभागिता से प्रेस क्लब का विधिवत गठन और चुनाव हुआ है, लेकिन पाकुड़ में आज तक सभी पत्रकारों को एक मंच पर आमंत्रित कर नियमानुसार चुनाव कराने की पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब किसी व्यक्ति या सीमित समूह की संस्था नहीं, बल्कि जिले के तमाम पत्रकारों का साझा मंच होना चाहिए। शिष्टमंडल ने यह भी बताया कि पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार के कार्यकाल में भी इस मुद्दे को लिखित रूप से उठाया गया था। उस समय सकारात्मक पहल का आश्वासन मिला, लेकिन स्थानांतरण के बाद मामला आगे नहीं बढ़ सका। पत्रकारों के अनुसार, वर्तमान उपायुक्त ने मामले में एसडीओ को आवश्यक पहल करने का निर्देश देने और उनके माध्यम से विधिवत चुनाव कराने का भरोसा दिया है। पत्रकारों ने मांग की कि जिला प्रशासन की निगरानी में निष्पक्ष चुनाव कराया जाए, ताकि सभी पात्र पत्रकारों को समान भागीदारी का अवसर मिले और नई कार्यकारिणी का पारदर्शी तरीके से गठन हो सके। उनका कहना है कि प्रेस क्लब को किसी गुट का नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और एकजुटता का साझा मंच बनना चाहिए। ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में सतनाम सिंह, प्रीतम सिंह यादव, कजरुल इस्लाम, नुरुल अंसारी, बजरंग पंडित, नंदलाल तुरी, ममता जायसवाल, बलराम ठाकुर, विजय कुमार और सुदीप कुमार त्रिवेदी सहित अन्य पत्रकार शामिल थे। अब निगाहें जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।





