Search

November 27, 2026 9:09 pm

2029 तक बाल विवाह मुक्त बनेगा पाकुड़, प्रशासन ने शुरू किया ‘तारा’ अभियान

तीन साल की कार्ययोजना तैयार, डीसी ने समाज के हर वर्ग से मांगा सहयोग; एसपी की अपील- बाल विवाह की सूचना मिलते ही 112 पर करें कॉल।

पाकुड़। अब बेटियों के सपनों पर बाल विवाह की बेड़ियां नहीं लगेंगी। किशोर-किशोरियों को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का अवसर देने के साथ पाकुड़ को वर्ष 2029 तक बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘तारा’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत तीन वर्षीय कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने जागरूकता के साथ सामाजिक भागीदारी और कानूनी कार्रवाई को भी हथियार बनाने का निर्णय लिया है। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के शैक्षणिक, शारीरिक और मानसिक विकास में बड़ी बाधा है। यह उनके सपनों और संभावनाओं को सीमित कर देता है। इसे खत्म करना सिर्फ प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षकों और मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान से जुड़कर इसे जनआंदोलन बनाने की अपील की। उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने बताया कि ‘तारा’ (टुगेदर फॉर एडोलसेंट राइट्स एंड एस्पिरेशंस) अभियान के तहत तीन साल तक गांवों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जागरूकता कार्यक्रम, संवाद और जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। बाल विवाह की रोकथाम के लिए कानूनी प्रावधानों का भी प्रभावी इस्तेमाल होगा। जरूरत पड़ने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी अनुदीप सिंह ने साफ कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। जिले में कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें। सूचना मिलते ही पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का विवाह बालिग होने से पहले नहीं करने की अपील की। प्रशासन का संदेश साफ है- बच्चों के हाथों में किताबें हों, उनके सपनों को उड़ान मिले और कम उम्र में शादी के नाम पर उनका भविष्य न छीना जाए। अब देखना है कि प्रशासन की यह पहल समाज की भागीदारी से कितनी प्रभावी बनती है।

IMG 20261127 WA0036
IMG 20261127 WA0035
IMG 20261127 WA0037

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!