Search

November 27, 2026 9:09 pm

ग्राम सभा को मजबूत बनाएगा पेसा कानून, जनप्रतिनिधियों को दी गई नियमावली की जानकारी

पारंपरिक ग्राम व्यवस्था, स्थानीय परंपराओं के संरक्षण और गांव के विकास में ग्रामीणों की भागीदारी पर दिया गया जोर

पाकुड़िया (पाकुड़)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) झारखंड नियमावली, 2025 (पेसा नियमावली) को लेकर प्रखंड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में ग्राम सभा को सशक्त बनाने, पारंपरिक ग्राम व्यवस्था के संरक्षण और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख कालिदास मरांडी, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान प्रखंड प्रमुख ने पेसा कानून के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्राम सभा को अधिकार संपन्न बनाना और स्थानीय परंपराओं का सम्मान करना इस कानून का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। वहीं मुखिया सलोमी बेसरा ने पेसा अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों एवं पारंपरिक ग्राम प्रधानों को इसकी उपयोगिता से अवगत कराया। प्रखंड समन्वयक, पंचायती राज सायेम अख्तर ने 15 से 28 नवंबर तक आयोजित झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायतों में बेहतर कार्य, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य सरकार द्वारा पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों और पारंपरिक ग्राम प्रधानों से पेसा नियमावली, 2025 की जानकारी गांव के प्रत्येक टोले तक पहुंचाने की अपील की गई। साथ ही प्रशासन, पारंपरिक नेतृत्व और निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गांवों के विकास में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। अंत में सायेम अख्तर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार जताते हुए सम्मेलन के समापन की घोषणा की।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!