Search

November 27, 2026 9:09 pm

स्कूल बसों में मिलीं खामियां, दो दिन में कागजात दुरुस्त करने का निर्देश

डीएवी पब्लिक स्कूल के वाहनों की परिवहन विभाग ने की जांच, एक सप्ताह में सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत

पाकुड़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। शुक्रवार को उपायुक्त के आदेश पर जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार डीएवी पब्लिक स्कूल, पाकुड़ के स्कूल वाहनों का दोबारा भौतिक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई वाहनों के आवश्यक कागजात में कमी पाई गई। इस पर मोटरयान निरीक्षक ने संबंधित वाहन संचालकों को दो दिनों के भीतर कागजात दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि आवश्यक दस्तावेज पूरे होने के बाद ही इन वाहनों का बच्चों को घर से स्कूल लाने और ले जाने में उपयोग किया जाए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन को स्कूल वाहनों में परिवहन विभाग और सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। विभाग ने निर्देश दिया कि वाहनों की नियमित जांच, रखरखाव और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं, सभी निजी विद्यालयों को वाहनों में पाई गई कमियों को दूर कर एक सप्ताह के भीतर पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। जिला परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन के साथ अभिभावकों से भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन ने निरीक्षण दल को आश्वस्त किया कि यदि किसी वाहन में कोई कमी रह गई है तो उसे निर्धारित समयसीमा में दूर कर लिया जाएगा। निरीक्षण दल में मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, सड़क यांत्रिक विश्लेषक मोहम्मद अजहद अंसारी सहित विद्यालय के प्राचार्य, मैनेजिंग डायरेक्टर एवं अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे। विभाग का स्पष्ट संदेश है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को अपने वाहनों में सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करना होगा, ताकि स्कूली बच्चों की आवाजाही सुरक्षित रह सके।

IMG 20261127 WA0041 1
IMG 20261127 WA0042

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!